नागरिक सुरक्षा ने जीवन विहार में स्व जनगणना का दिया प्रशिक्षण
गाजियाबाद। शास्त्री नगर क्षेत्र स्थित जीवन विहार में भारत सरकार द्वारा आयोजित जनगणना-2026 के अंतर्गत पहली बार डिजिटल माध्यम से स्व-जनगणना के लिए नागरिक सुरक्षा द्वारा जीवन विहार रेजिडेंशियल कल्याण समिति के सहयोग से जागरूकता एवं प्रशिक्षण कैम्प का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम नागरिक सुरक्षा के सहायक उप नियंत्रक नेम सिंह एवं डिवीजनल वार्डन दीपक अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित हुआ।
उक्त कार्यक्रम का उद्देश्य डिजिटल माध्यम से स्वयं स्व-जनगणना करने की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया जाना था।
इस दौरान नागरिकों से अपील की गई कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में स्वयं भागीदारी निभाएं तथा अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। बताया गया कि 07 मई 2026 से 21 मई 2026 तक नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर घर बैठे स्व-जनगणना कर सकते हैं। इसके लिए पोर्टल पर पंजीकरण कर मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि स्व-जनगणना करते समय सही वर्तमान पता एवं सही लोकेशन दर्ज करना अत्यंत आवश्यक है। पोर्टल पर उपलब्ध मानचित्र में अपने घर की सही स्थिति को केंद्र बिंदु पर निर्धारित करने से जनगणना संबंधी जानकारी सही रूप से दर्ज हो सकेगी। नागरिकों को मकान की स्थिति, गैस कनेक्शन, शौचालय, टीवी, कंप्यूटर एवं अन्य सुविधाओं से संबंधित जानकारी भरनी होगी। परिवार के मुखिया की विस्तृत जानकारी दर्ज की जाएगी, जबकि अन्य सदस्यों की केवल संख्या भरनी होगी।
ऑनलाइन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद नागरिकों को एक स्व-गणना आईडी (S.E. ID) प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक है। जनगणना कार्मिक जब घर-घर सर्वेक्षण के लिए पहुंचेंगे, तब यह आईडी उन्हें उपलब्ध करानी होगी। इससे पहले से भरी गई जानकारी सीधे सिस्टम में सिंक हो जाएगी और दोबारा जानकारी दर्ज कराने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
घटना नियंत्रण अधिकारी संजय शर्मा ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को इस महाअभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए डिजिटल जनगणना को सफल बनाने में सहयोग करना चाहिए।
उक्त कार्यक्रम में नागरिक सुरक्षा से घटना नियंत्रण अधिकारी संजय शर्मा पोस्ट वार्डन रिजर्व अरुण कुमार श्रीवास्तव पोस्ट वार्डन अरविंद दीक्षित, वार्डन यश दीक्षित, यश अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, जीवन विहार रेजिडेंशियल कल्याण समिति के अध्यक्ष उमेश कुमार उपाध्यक्ष जनक सिंह कोषाध्यक्ष अमरनाथ के अतिरिक्त अनेकों कॉलोनी वासी सम्मिलित हुए।