logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

स्कार्डी ग्रीन्स अपार्टमेंट में नागरिक सुरक्षा द्वारा डिजिटल स्व-जनगणना कार्यशाला आयोजित

गाजियाबाद। पांडव नगर क्षेत्र स्थित लैंडक्राफ्ट गोल्फ लिंक के स्कार्डी ग्रीन्स अपार्टमेंट में भारत सरकार द्वारा आयोजित जनगणना-2026 के अंतर्गत पहली बार डिजिटल माध्यम से स्व-जनगणना के लिए नागरिक सुरक्षा एवं जनगणना विभाग द्वारा एक जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम नागरिक सुरक्षा के सहायक उप नियंत्रक नेम सिंह एवं चीफ वार्डन ललित जायसवाल के निर्देशन में आयोजित हुआ। कार्यशाला में नागरिक सुरक्षा के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ वार्डनों के साथ स्कार्डी ग्रीन्स अपार्टमेंट संगठन के पदाधिकारी एवं निवासी उपस्थित रहे। सभी को डिजिटल माध्यम से स्वयं स्व-जनगणना करने की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया।
इस दौरान नागरिकों से अपील की गई कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में स्वयं भागीदारी निभाएं तथा अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। बताया गया कि 07 मई 2026 से 21 मई 2026 तक नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर घर बैठे स्व-जनगणना कर सकते हैं। इसके लिए पोर्टल पर पंजीकरण कर मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि स्व-जनगणना करते समय सही वर्तमान पता एवं सही लोकेशन दर्ज करना अत्यंत आवश्यक है। पोर्टल पर उपलब्ध मानचित्र में अपने घर की सही स्थिति को केंद्र बिंदु पर निर्धारित करने से जनगणना संबंधी जानकारी सही रूप से दर्ज हो सकेगी। नागरिकों को मकान की स्थिति, गैस कनेक्शन, शौचालय, टीवी, कंप्यूटर एवं अन्य सुविधाओं से संबंधित जानकारी भरनी होगी। परिवार के मुखिया की विस्तृत जानकारी दर्ज की जाएगी, जबकि अन्य सदस्यों की केवल संख्या भरनी होगी।
ऑनलाइन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद नागरिकों को एक स्व-गणना आईडी (S.E. ID) प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक है। जनगणना कार्मिक जब घर-घर सर्वेक्षण के लिए पहुंचेंगे, तब यह आईडी उन्हें उपलब्ध करानी होगी। इससे पहले से भरी गई जानकारी सीधे सिस्टम में सिंक हो जाएगी और दोबारा जानकारी दर्ज कराने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
कार्यक्रम में जनगणना विभाग के नवीन कुमार एवं ब्रांड एंबेसडर ममता त्यागी के साथ घटना नियंत्रण अधिकारी संजय शर्मा पोस्ट वार्डन रिजर्व अरुण कुमार श्रीवास्तव ने सहयोग प्रदान किया।
घटना नियंत्रण अधिकारी संजय शर्मा ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को इस महाअभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए डिजिटल जनगणना को सफल बनाने में सहयोग करना चाहिए।
इस अवसर पर स्टाफ ऑफिसर टू चीफ वार्डन राजेंद्र शर्मा, डिविजनल वार्डन दीपक अग्रवाल, सुधीर कुमार, स्टाफ ऑफिसर नवनीत चौधरी, मुकेश शर्मा, संध्या त्यागी, डॉ. मृगांक, पोस्ट वार्डन रिजर्व अरुण कुमार श्रीवास्तव, राजन गुप्ता, अक्षय जैन सहित अन्य वरिष्ठ एवं कनिष्ठ वार्डन उपस्थित रहे।

9
576 views

Comment