logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

बेगूसराय में युवती ने सरपंच समेत कई लोगों पर मारपीट, छेड़खानी और जान से मारने की धमकी का लगाया आरोप

बेगूसराय जिले के चेरियाबरियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सकरवासा पंचायत की एक युवती ने पंचायत के वर्तमान सरपंच समेत कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है। पीड़िता रानी कुमारी ने आरोप लगाया है कि 14 मई 2026 की शाम करीब 6 बजे गांव में उसके घर पर आरोपियों ने हमला कर मारपीट की, कपड़े फाड़े तथा परिवार के साथ दुर्व्यवहार किया।
आवेदन के अनुसार, घटना के समय पीड़िता की मां घर के बाहर बैठी थीं। इसी दौरान शराब के नशे में पहुंचे श्यामल पासवान ने कथित रूप से गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने अपने सहयोगियों को बुला लिया। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि इसके बाद कई लोगों ने मिलकर उसके परिवार के साथ मारपीट की और घर में घुसकर उत्पात मचाया।
पीड़िता ने अपने आवेदन में कहा है कि मारपीट के दौरान उसके कान से लगभग 10 ग्राम सोने का आभूषण छीन लिया गया। वहीं उसकी मां की सोने की चेन भी तोड़ ली गई। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने मां-बेटी के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। पीड़िता के अनुसार, घटना की सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन को दी गई। इसके बाद घायल मां और भाई को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चेरियाबरियारपुर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।
आवेदन में युवती ने यह भी आरोप लगाया है कि मुख्य आरोपी श्यामल पासवान वर्तमान में सकरवासा पंचायत का सरपंच है और उस पर पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पीड़िता ने शराब कारोबार से जुड़े होने का भी आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि उसकी मां पहले से शराब कारोबार का विरोध करती रही हैं, जिस कारण आरोपियों द्वारा लगातार परिवार को प्रताड़ित किया जा रहा था।
पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है।

16
388 views

Comment