logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

दुद्धी-विंढमगंज के बीच स्थित महुली में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की बड़ी पहल पुलिस चौकी निर्माण की मांग को लेकर पंचायत भवन में जुटे ग्रामीण,

दुद्धी-विंढमगंज के बीच स्थित महुली में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की बड़ी पहल
पुलिस चौकी निर्माण की मांग को लेकर पंचायत भवन में जुटे ग्रामीण, न्याय पंचायत के कई गांवों को मिलेगा सीधा लाभ
दुद्धी/सोनभद्र। विंढमगंज थाना क्षेत्र के दुद्धी-विंढमगंज मार्ग के मध्य स्थित ग्राम पंचायत महुली में क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में रविवार को एक अहम पहल की गई। पंचायत भवन महुली में दोपहर लगभग 2 बजे वार्ड सदस्यों, ग्रामीणों, पुलिस प्रशासन एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें महुली में स्थायी पुलिस चौकी निर्माण की मांग को लेकर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर शासन को भेजा गया।
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि महुली क्षेत्र दुद्धी और विंढमगंज के बीच एक महत्वपूर्ण संपर्क क्षेत्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। बावजूद इसके क्षेत्र में पुलिस चौकी न होने के कारण किसी भी आपात स्थिति अथवा आपराधिक घटना में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि महुली में पुलिस चौकी की स्थापना हो जाती है तो अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण लगेगा तथा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण और अधिक मजबूत होगा।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि महुली में पुलिस चौकी स्थापित होने से न्याय पंचायत महुली अंतर्गत करहिया, बगरवा, डुमरा, डेवढ़ी, पोलवा, जातजुआ सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इन गांवों के लोगों को छोटी-बड़ी घटनाओं, विवादों एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध हो सकेगी। साथ ही कानून व्यवस्था बनाए रखने में भी पुलिस प्रशासन को काफी सुविधा मिलेगी।
बैठक में मौजूद लोगों ने शासन एवं प्रशासन से जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र की बढ़ती आबादी और गतिविधियों को देखते हुए महुली में पुलिस चौकी समय की आवश्यकता बन चुकी है।
इस जनहितकारी अभियान का नेतृत्व ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल द्वारा किया जा रहा है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान की सराहना करते हुए कहा कि वे लगातार क्षेत्र के विकास, सुरक्षा एवं जनसमस्याओं को लेकर सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। उनके प्रयासों से महुली में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक सकारात्मक पहल शुरू हुई है, जिससे क्षेत्रवासियों में उत्साह और विश्वास का माहौल देखने को मिल रहा है।
बैठक में लेखपाल एवं पुलिस प्रशासन के प्रतिनिधियों ने भी ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से सुना और प्रस्ताव को शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
बैठक में प्रमुख रूप से बुद्धनाथ कन्नौजिया, विनोद कन्नौजिया, अमानुल्ला, ईश्वरी प्रसाद, दीपक कन्नौजिया, अमर विश्वकर्मा, सूरज कन्नौजिया, मनोज कन्नौजिया, सुरेंद्र भारती, शेकरार अहमद, राजनाथ गोस्वामी, प्रदीप जायसवाल, अरुण गुप्ता, सुलेमान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं वार्ड सदस्य उपस्थित रहे।

8
190 views

Comment