जनपद जालौन में रात्रिकालीन सड़क सुरक्षा अभियान, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई।
जनपद जालौन की यातायात पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता के उद्देश्य से रात्रि के समय टोल प्लाजा पर विशेष चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान वाहन चालकों की Breath Analyzer के माध्यम से जांच की गई। जांच के दौरान जो चालक शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए, उन्हें तत्काल वाहन सहित साइड में खड़ा कराया गया तथा मोटर वाहन अधिनियम के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि शराब पीकर वाहन न चलाएं। वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। लंबी दूरी की यात्रा के दौरान बीच-बीच में विश्राम अवश्य करें। नींद या थकान महसूस होने पर वाहन रोककर आराम करने के बाद ही आगे बढ़ें। निर्धारित गति सीमा का पालन करें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें। यातायात पुलिस द्वारा आमजन से यातायात नियमों का पालन करने एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।
संवाददाता, जालौन