करनडीह में झुका इंटरनेट टावर, हादसे का खतरा
जमशेदपुर: करनडीह इलाके में शुक्रवार शाम तेज आंधी और बारिश के बाद एक इंटरनेट टावर खतरनाक तरीके से झुक गया है। यह टावर करनडीह बिजली विभाग परिसर में स्थित है और इसके नीचे हाई वोल्टेज बिजली तार गुजर रहे हैं, जिससे खतरा और बढ़ गया है। स्थानीय लोग टावर के गिरने से बिजली लाइन क्षतिग्रस्त होने और राहगीरों की जान को खतरा होने की आशंका जता रहे हैं।
स्थानीय निवासियों ने घटना के करीब 24 घंटे बीत जाने के बाद भी संबंधित विभाग या कंपनी की ओर से कोई ठोस कार्रवाई न किए जाने पर चिंता जताई है। टावर शनिवार शाम तक उसी स्थिति में झुका हुआ था, जिससे आसपास के लोग और राहगीर भय के बीच आवागमन करने को मजबूर हैं। उन्होंने जिला प्रशासन, बिजली विभाग और संबंधित टेलीकॉम कंपनी से तत्काल निरीक्षण कर टावर को सुरक्षित हटाने या दुरुस्त करने की मांग की है।