शादीशुदा प्रेमिका को पाने की जिद में टावर पर चढ़ा युवक, पांच घंटे चला हाईवोल्टेज ड्रामा
शाहजहांपुर के रोजा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक अपनी शादीशुदा प्रेमिका को साथ ले जाने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब पांच घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद प्रेमिका के मौके पर पहुंचने पर युवक नीचे उतरा। इसके बाद पुलिस दोनों को थाने ले गई और मामले में पूछताछ शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार हरदोई जिले के पिहानी थाना क्षेत्र के हरदैया गांव निवासी सुंदरम गाजियाबाद की एक फैक्ट्री में काम करता था। वहीं रोजा क्षेत्र की एक शादीशुदा महिला भी नौकरी करती थी। करीब डेढ़ साल पहले दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए थे।
महिला ने बताया कि उसने पहले ही सुंदरम को अपनी शादी और दो बच्चों के बारे में जानकारी दे दी थी। इसके बावजूद सुंदरम ने उसे और उसके बच्चों को अपनाने का भरोसा दिया था। युवक की मांग थी कि महिला और उसके दोनों बच्चों को उसके साथ भेजा जाए।
बताया जा रहा है कि चार दिन पहले महिला अपने मायके आई थी। शनिवार को सुंदरम भी अपनी बुआ के घर पहुंच गया। रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह क्षेत्र के एक ऊंचे टावर पर चढ़ गया और नीचे उतरने से इनकार कर दिया। सूचना पर पुलिस और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
टावर पर चढ़े युवक ने शर्त रखी कि उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी और उसकी प्रेमिका को मौके पर बुलाया जाए। काफी समझाने के बाद पुलिस ने महिला को मौके पर बुलाया, जिसके बाद युवक नीचे उतरने को राजी हुआ।
रोजा थाना प्रभारी उमेश मिश्रा ने बताया कि युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।