चंदौली में गरीब ठेला व दुकानदारों के उत्पीड़न का आरोप, पुलिस अधीक्षक से की गई न्याय की मांग
चंदौली। शिवसेना U.B.T. के जिला संगठक अजय पासवान ने पुलिस अधीक्षक चंदौली को पत्र देकर कस्बा इंचार्ज पर गरीब दुकानदारों एवं ठेला व्यवसायियों के उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पत्र में कहा गया है कि चंदौली कस्बे के चांदनी बाजार स्थित तिराहे के पास दिना नाथ पटवा अपनी छोटी सी गुमटी में पूजा-पाठ का सामान बेचकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, लेकिन कस्बा इंचार्ज द्वारा अतिक्रमण हटाने के नाम पर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है।
पत्र के अनुसार 05 मई 2026 को दिना नाथ पटवा को पकड़कर चौकी में बैठाया गया और देर रात छोड़ा गया। संगठन ने सवाल उठाया कि यदि अतिक्रमण हटाना था तो कार्रवाई केवल एक व्यक्ति पर ही क्यों की गई।
इसके साथ ही आरोप लगाया गया कि दीपक जायसवाल नामक युवक, जो देशी शराब की दुकान के पास चखना एवं मछली बेचकर घर लौट रहा था, उसे रास्ते में पकड़कर मारपीट की गई। बताया गया कि उसके मुंह में गंभीर चोटें आईं, जिससे वह कई दिनों तक भोजन नहीं कर सका और अपनी दुकान भी नहीं चला पाया।
शिवसेना U.B.T. ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर गरीब जनता को न्याय दिलाने की मांग की है। संगठन ने कहा कि प्रशासन को कमजोर एवं मेहनतकश लोगों के साथ संवेदनशील व्यवहार करना चाहिए।