कुंदरकी में मंगनी से पहले घर में चोरी: अज्ञात चोरों ने घर को बनाया निशाना, जेवर और 40 हजार नगदी चोरी
मुरादाबाद के कुंदरकी थाना क्षेत्र के चतुपुर रायब नगला गांव में एक घर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर देर रात घर में घुसकर बहन की मंगनी के लिए जुटाए गए जेवर, 40 हजार रुपये नकद और नया सामान चोरी कर ले गए। इस घटना के बाद परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
पीड़ित लाईक खान, जो मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, कई महीनों से अपनी बहन की मंगनी की तैयारियों में जुटे थे। उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई से धीरे-धीरे पैसे बचाकर सोने-चांदी के जेवर, कपड़े और अन्य जरूरी सामान खरीदा था। घर में शादी जैसे माहौल के बीच तैयारियों को लेकर उत्साह बना हुआ था।
ग्रामीणों के अनुसार, परिवार ने मंगनी के लिए खरीदे गए जेवर और सामान को अलग स्थान पर सुरक्षित रखा था, जिसे चोरों ने विशेष रूप से निशाना बनाया। चोर देर रात घर में घुसे और आसानी से सारा कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद परिवार की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि अब सबसे बड़ी चिंता समय पर मंगनी समारोह को पूरा करने की है, क्योंकि आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर है और दोबारा व्यवस्था करना मुश्किल है।