इंटरनेशनल उच्च रक्तचाप दिवस पर होम्योपैथी डॉक्टर पारुल वर्मा की खास अपीलउच्च रक्तचाप एक साइलेंट किलर, समय रहते जागरूक होना बेहद जरूरी
वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय उच्च रक्तचाप दिवस के अवसर पर पारुल मल्टी स्पेशलिटी होम्योपैथिक क्लिनिक की चिकित्सक डॉ. पारुल वर्मा ने लोगों को हाई ब्लड प्रेशर के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली, तनाव, अनियमित खानपान और शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण उच्च रक्तचाप तेजी से लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है।
डॉ. पारुल वर्मा ने बताया कि उच्च रक्तचाप को साइलेंट किलर कहा जाता है क्योंकि इसके लक्षण प्रारंभिक अवस्था में स्पष्ट दिखाई नहीं देते, लेकिन यह धीरे-धीरे हृदय, मस्तिष्क, किडनी और आंखों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है।
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते नियमित जांच, संतुलित आहार, पर्याप्त नींद, योग, व्यायाम और तनाव नियंत्रण पर ध्यान दिया जाए तो इस बीमारी से काफी हद तक बचाव संभव है। नमक और तैलीय भोजन का अधिक सेवन, धूम्रपान एवं शराब जैसी आदतें भी रक्तचाप बढ़ाने में प्रमुख भूमिका निभाती हैं।
डॉ. वर्मा ने यह भी कहा कि होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति में रोगी की संपूर्ण शारीरिक एवं मानसिक स्थिति का विश्लेषण कर उपचार किया जाता है, जिससे उच्च रक्तचाप को नियंत्रित करने में सकारात्मक परिणाम देखने को मिलते हैं।
अंतरराष्ट्रीय उच्च रक्तचाप दिवस के अवसर पर उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे नियमित रूप से अपना ब्लड प्रेशर जांच कराएं और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर अपने परिवार एवं समाज को सुरक्षित रखें।
डॉ. पारुल वर्मा
पारुल मल्टी स्पेशलिटी होम्योपैथिक क्लिनिक
डीएलडब्ल्यू, वाराणसी,उत्तर प्रदेश