स्वस्ति लोकसेवा समिति की पहल एवं प्रशासन की संवेदनशीलता से शमशेर सिंह भोसले नगर सोनघाटी के बस्तीवासियों को मिली राहत
बैतूल। विगत दिनों आए आंधी-तूफान एवं बारिश से प्रभावित शमशेर सिंह भोसले नगर, सोनघाटी बैतूल की पारधी बस्ती के परिवारों को आखिरकार राहत मिलना प्रारंभ हो गई है। लंबे समय से खुले आसमान के नीचे जीवन यापन कर रहे बस्तीवासियों के लिए स्वस्ति लोकसेवा समिति की सतत पहल एवं प्रशासन की संवेदनशीलता के परिणामस्वरूप सर ढकने हेतु पन्नी (तिरपाल) उपलब्ध कराई गई।
ज्ञात हो कि तेज आंधी और बारिश के कारण बस्ती में रहने वाले अनेक गरीब परिवारों की झोपड़ियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थीं। ऐसी विषम परिस्थिति में स्वस्ति लोकसेवा समिति के सदस्य लगातार बस्ती में पहुंचकर पीड़ित परिवारों की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने एवं राहत उपलब्ध कराने के प्रयास में जुटे हुए थे। समिति द्वारा लगातार पत्राचार, ज्ञापन एवं अधिकारियों के साथ बैठक कर इस गंभीर मुद्दे को प्रशासन तक पहुंचाया गया, जिसके बाद प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए प्रभावित परिवारों के लिए पन्नी उपलब्ध कराई।
इस कार्य में बैतूल कलेक्टर महोदय, बैतूल एसडीएम महोदय, तहसीलदार महोदय एवं प्रशासन के अन्य अधिकारियों का विशेष योगदान एवं मार्गदर्शन रहा। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा परिस्थिति की गंभीरता को समझते हुए त्वरित पहल की गई, जिससे प्रभावित परिवारों को राहत मिल सकी।
बस्तीवासियों ने राहत सामग्री मिलने पर प्रशासन एवं स्वस्ति लोकसेवा समिति के प्रति आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सहायता उनके लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि लगातार बदलते मौसम के बीच उनके पास रहने के लिए सुरक्षित छत तक नहीं बची थी।
स्वस्ति लोकसेवा समिति ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवारों के लिए स्थायी आवास, पेयजल, आधार कार्ड, समग्र आईडी एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की दिशा में भी शीघ्र कार्यवाही की जाए, ताकि बस्तीवासियों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर मिल सके।