बाराबंकी: तालाब में डूबने से 11 वर्षीय बालक की मौत
आशुतोष वर्मा, डिजिटल रिपोर्टर,
UpNotifications
बाराबंकी जिले के कोतवाली हैदरगढ़ क्षेत्र के भिखरा गांव में शनिवार देर शाम एक 11 वर्षीय बालक शिवम की तालाब में डूबने से मृत्यु हो गई। शिवम, जो रामशरण के पुत्र थे, शाम लगभग 4 बजे गांव के अन्य बच्चों के साथ खेलने निकले थे। खेलते-खेलते बच्चे गाँव के बाहर स्थित तालाब के पास पहुंचे जहाँ वे नहाने लगे। इसी दौरान शिवम गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और बालक को तालाब से बाहर निकाला, लेकिन उसकी हालत गंभीर थी। तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचित कर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ ले जाया गया, जहां शाम 6:15 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक व्याप्त है।
कोतवाली प्रभारी अनिल पांडे ने बताया कि अभी तक थाने में किसी सूचना की प्राप्ति नहीं हुई है, सूचना मिलने पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने बताया कि गर्मी के कारण बच्चे अक्सर तालाबों और नहरों में नहाने जाते हैं, जिससे दुर्घटनाएं होती रहती हैं।