वट सावित्री पूजा के दौरान बरगद के पेड़ में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी....
आमस से दीपक की report:-
पटना के फतुहा प्रखंड कार्यालय परिसर में वट सावित्री पूजा के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पूजा स्थल पर मौजूद एक प्राचीन बरगद के पेड़ में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और वहां मौजूद महिलाओं में चीख-पुकार मच गई।
बताया जा रहा है कि वट सावित्री व्रत के अवसर पर बड़ी संख्या में सुहागिन महिलाएं बरगद के पेड़ के नीचे पूजा-अर्चना कर रही थीं। इसी दौरान पूजा में जलाए गए घी के दीये की लौ पेड़ पर लपेटे गए सूखे कच्चे सूत (धागे) के संपर्क में आ गई, जिससे आग भड़क उठी। धागों की अधिक संख्या होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी।
आग की ऊंची लपटें देखकर महिलाएं अपनी पूजा सामग्री छोड़कर सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगीं। घटना के बाद कुछ देर तक पूरे परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बनी रही। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
स्थानीय लोगों और मौजूद युवकों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए पानी डालकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक बरगद के पेड़ का निचला हिस्सा और पूजा सामग्री जलकर राख हो चुकी थी। प्रशासन ने लोगों से पूजा के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।