पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों से परेशान शिक्षक जनगणना के लिए 'शाही सवारी' पर निकले, सोशल मीडिया पर चर्चा तेज
पेट्रोल और डीजल की आसमान छूती कीमतों के बीच विरोध जताने और अपना काम पूरा करने का एक अनोखा मामला सामने आया है। राजकीय उत्क्रमिक उच्च विद्यालय टाटीदीरी के सहायक शिक्षक मुन्ना प्रसाद गुप्ता इन दिनों इलाके में चर्चा का विषय बने हुए हैं।
ईंधन के लगातार बढ़ते भाव से तंग आकर शिक्षक मुन्ना प्रसाद गुप्ता अपनी बाइक छोड़, एक कीमती घोड़े पर सवार होकर सरकारी जनगणना (Census) के काम के लिए निकल पड़े हैं। जब वे गांव की गलियों में घोड़े पर सवार होकर लोगों के घरों की जानकारी जुटाने पहुंचे, तो उन्हें देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
शिक्षक का कहना है कि महंगे पेट्रोल-डीजल के इस दौर में अब आम आदमी के लिए गाड़ी चलाना मुश्किल हो गया है। ऐसे में घोड़ा न सिर्फ पर्यावरण के अनुकूल है, बल्कि जेब पर भी भारी नहीं पड़ता। शिक्षक का यह अनोखा अंदाज अब सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रहा है और लोग उनके इस अनोखे विरोध और जज्बे की तारीफ कर रहे हैं।