राजस्थान में अगले सप्ताह तापमान में वृद्धि और हीटवेव की संभावना
राजस्थान: वर्तमान में राज्य के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 42-44 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है, जो सामान्य स्तर के आसपास है। आगामी एक सप्ताह में अधिकांश क्षेत्रों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है और तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है।
पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में अगले दिनों अधिकतम तापमान 44-45 डिग्री के बीच दर्ज होने की संभावना है, जहां कहीं-कहीं हीटवेव की स्थिति बन सकती है। पूर्वी राजस्थान के अधिकांश भागों में भी 42-45 डिग्री के बीच तापमान रहने की संभावना है और वहां भी हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है। 18 से 22 मई के बीच राज्य के पश्चिमी और उत्तरी भागों में तेज सतही हवाएं 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलने की संभावना है। यह जानकारी मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर और भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा दी गई है।