बांसी में DM और SP की उपस्थिति में समाधान दिवस आयोजित
बांसी, सिद्धार्थनगर: उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर शनिवार को बांसी तहसील परिसर के सभागार में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन की अध्यक्षता में 'सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस' का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को सुना और संबंधित विभागों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के कड़े निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
समाधान दिवस में कुल 48 मामले दर्ज किए गए, जिनमें राजस्व विभाग के भूमि विवाद और अवैध कब्जे के मामले सबसे अधिक थे। विभागों के अनुसार राजस्व विभाग में 28, पुलिस विभाग में 12, विकास विभाग में 5 और अन्य विभागों में 3 मामले दर्ज हुए। कार्यक्रम में एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित जिला प्रशासन व विभिन्न विभागों के जिला और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।