चुनावी जश्न की भीड़ में मोबाइल चोरी करने वाला शातिर चोर पंचकूला पुलिस के हत्थे चढ़ा, आरोपी 3 दिन के पुलिस रिमांड पर
आरोपी के खिलाफ हरियाणा में 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज, अधिकत्तर मामले चोरी के
जींद, हिसार व फतेहाबाद में रहा है सक्रिय, साथी की तलाश में छापेमारी जारी
पंचकूला/ 16 मई :-पंचकूला में नगर निगम चुनाव परिणामों के दौरान जीत के जश्न में उमड़ी भीड़ का फायदा उठाकर लोगों के मोबाइल फोन और नकदी चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को पंचकूला पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 टीम ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान राजेश कुमार उर्फ राजू निवासी जिला जींद उम्र 36 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ हरियाणा के विभिन्न जिलों जींद, हिसार और फतेहाबाद में चोरी, लड़ाई-झगड़ा तथा शराब तस्करी समेत करीब 15 आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है तथा उसके अन्य साथी की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पंचकूला निवासी व्यक्ति ने थाना सेक्टर-14 शिकायत दर्ज करवाई थी कि दिनांक 13 मई 2026 को वह नगर निगम पंचकूला चुनाव परिणामों के दौरान भारतीय जनता पार्टी की जीत के जश्न में सेक्टर-14 पंचकूला पहुंचे थे। भारी भीड़ और जश्न के माहौल के बीच जब उन्होंने अपनी जेब चेक की तो उनका मोबाइल फोन और पिछली जेब में रखे रुपये चोरी मिले। इसी दौरान वहां मौजूद अन्य लोगों ने भी अपने मोबाइल फोन चोरी होने की जानकारी दी, जिनमें पंचकूला के अलग-अलग क्षेत्र के लोगों के मोबाइल फोन भी शामिल थे। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-14 पंचकूला में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जांच क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 पंचकूला को सौंपी गई। जांच के दौरान इंचार्ज मुकेश सैनी की अगुवाई में जांच अधिकारी एएसआई सतीश कुमार ने टीम की मदद से गुप्त सूचना के आधार पर 15 मई 2026 को आरोपी राजेश कुमार उर्फ राजू को काबू किया। पुलिस जांच में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है।
एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज: हमारी टीम द्वारा की गई जांच में आरोपी ने खुलासा किया कि चोरी की गई रकम और मोबाइल फोन उसके साथी के पास हैं। आरोपी को आज कोर्ट में पेश कर 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है ताकि वारदात में शामिल अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किए गए मोबाइल फोन व नकदी की बरामदगी की जा सके। हमारी टीम आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी गहन पूछताछ कर रही है व दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी हेतु विभिन्न ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।