बर पूजा में दिखी आस्था, सुहागिन महिलाओं ने पति की लंबी उम्र के लिए की पूजा-अर्चना
धोरैया प्रखंड क्षेत्र में शनिवार को बर पूजा श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुई। सुबह से ही सुहागिन महिलाएं बरगद के पेड़ के पास पहुंचकर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना में जुटीं। महिलाओं ने बरगद वृक्ष पर जल अर्पित किया, दीप जलाकर आरती उतारी और कच्चा धागा लेकर पेड़ की परिक्रमा करते हुए पति की दीर्घायु, सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की।
पूजा के दौरान महिलाओं ने व्रत कथा सुनी और पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार धार्मिक अनुष्ठान पूरा किया। कई स्थानों पर महिलाएं समूह बनाकर पूजा करती नजर आईं, जहां पूरे वातावरण में भक्तिमय माहौल बना रहा। सुहागिन महिलाओं ने श्रद्धा के साथ बरगद वृक्ष की पूजा कर अखंड सौभाग्य का आशीर्वाद मांगा।
मान्यता है कि बरगद का वृक्ष लंबी आयु और अटूट वैवाहिक जीवन का प्रतीक माना जाता है। इसी आस्था को लेकर महिलाएं हर वर्ष बर पूजा का व्रत रखती हैं। धोरैया क्षेत्र के गांवों में दिनभर धार्मिक माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में महिलाओं ने पूजा-अर्चना कर परंपरा का निर्वहन किया।