logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

रक्तदान बना मानवता की मिसाल, पत्रकारों ने जरूरतमंदों की बढ़ाई मदद

लखनऊ। कैंसर से पीड़ित एक परिवार की बेटी अपर्णा अवस्थी के उपचार के लिए पत्रकारों ने मानवता और सामाजिक सरोकार की अनूठी मिसाल पेश की। निगोहां प्रेस क्लब लखनऊ के संरक्षक एवं वरिष्ठ पत्रकार मुकेश द्विवेदी ने जानकारी मिलते ही अस्पताल पहुंचकर एक यूनिट रक्तदान किया।

बताया गया कि अपर्णा अवस्थी लंबे समय से ब्लड कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं। उपचार के दौरान उन्हें तत्काल रक्त की आवश्यकता थी। सूचना मिलते ही मुकेश द्विवेदी बिना देर किए अस्पताल पहुंचे और रक्तदान कर परिवार को राहत पहुंचाई।

मुकेश द्विवेदी इससे पहले भी कई जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान कर मानवता का परिचय दे चुके हैं। क्षेत्र में जब भी किसी मरीज को रक्त की आवश्यकता होती है, वे हमेशा मदद के लिए आगे रहते हैं।

इस अवसर पर उन्होंने कहा, रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। हमारे एक यूनिट रक्त से किसी की जिंदगी बच सकती है। सभी स्वस्थ लोगों को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए। उन्होंने लोगों से जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने की अपील भी की।

इसी क्रम में दैनिक भास्कर के संवाददाता गौरव शुक्ला ने भी मानवता का परिचय देते हुए एक अंजान और परेशान व्यक्ति की माता के ऑपरेशन के लिए रक्तदान किया। बताया गया कि वह व्यक्ति लखनऊ जिले का निवासी नहीं था और एसजीपीजीआई में भर्ती अपनी माता के ऑपरेशन के लिए डोनर की व्यवस्था नहीं कर पा रहा था। जानकारी मिलने पर गौरव शुक्ला ने आगे बढ़कर रक्तदान किया और जरूरतमंद परिवार की मदद की।

पत्रकारों के इस सामाजिक दायित्व और सेवा भावना की क्षेत्र में सराहना हो रही है। लोगों ने इसे मानवता, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की प्रेरणादायक मिसाल बताया है।

30
2583 views

Comment