logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

धनबाद के जितेश रवानी हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

पार्टी के दौरान विवाद के बाद पत्थर से कुचलकर की गई थी हत्या, मुख्य आरोपी ने किया आत्मसमर्पण

Dhanbad | 16 मई 2026:-Dhanbad Police ने चर्चित जितेश रवानी हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जानकारी सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने धनसार थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

पुलिस के अनुसार मृतक जितेश रवानी धनसार थाना क्षेत्र के दुहाटांड़ का रहने वाला था। हाल ही में उसने नई मोटरसाइकिल खरीदी थी, जिसकी खुशी में उसने दोस्तों को पार्टी दी थी। इसी दौरान आपसी विवाद और कहासुनी शुरू हुई, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गई।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पत्थर से कुचलकर जितेश रवानी की हत्या कर दी और शव को चांदमारी खेल मैदान स्थित झाड़ियों में फेंक दिया। 12 मई की सुबह पुलिस को झाड़ियों में युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। घटनास्थल से मृतक की पल्सर बाइक भी बरामद हुई थी।

परिजनों के बयान के आधार पर धनसार थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी जांच और लगातार छापेमारी के दौरान पुलिस को पता चला कि मुख्य आरोपी दीपक कुमार राम बिहार भाग गया है। पुलिस दबाव बढ़ने पर उसने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया।

पुलिस रिमांड में पूछताछ के दौरान दीपक कुमार राम ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर खून लगा शर्ट बरामद किया गया। वहीं दूसरे आरोपी शक्ति सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

सिटी एसपी ने बताया कि आरोपी दीपक कुमार राम का व्यवहार साइको प्रवृत्ति का है और दोनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल पत्थर, मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्य जब्त कर लिए हैं।

Dhanbad Police की कार्रवाई से चर्चित हत्याकांड का खुलासा हो गया है। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी हुई है।

0
673 views

Comment