मेडिकल की मेधावी छात्रा राजवीर कौर ने विश्वविद्यालय में तृतीय स्थान प्राप्त कर बढ़ाया महाविद्यालय का मान
* बी.एस.सी सेमेस्टर प्रथम के उत्कृष्ट परिणाम से गौरवान्वित हुआ एम.आर.पी.डी राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ा *
तलवाड़ा-होशियारपुर,16 मई ( अर्श ) : महंत राम प्रकाश दास राजकीय महाविद्यालय, तलवाड़ा ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा को कायम रखते हुए बी.एस.सी सेमेस्टर प्रथम के परिणामों में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान को और मजबूत किया है। महाविद्यालय सदैव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन, संस्कार तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जाना जाता है और इस वर्ष का शानदार परीक्षा परिणाम उसी उत्कृष्टता का प्रतीक है।
कॉलेज रजिस्ट्रार प्रो. अजय कुमार अर्श ने जानकारी देते हुए बताया कि महाविद्यालय की मेडिकल वर्ग की मेधावी छात्रा राजवीर कौर ने बी.एस.सी सेमेस्टर प्रथम के विश्वविद्यालय द्वारा घोषित दिसंबर 2025 परीक्षा परिणामों में विश्वविद्यालय स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है । राजवीर कौर ने 9.25 क्रेडिट ( 92.50% अंक ) प्राप्त कर अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन का उत्कृष्ट परिचय दिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रिंसिपल डॉ. राजीव खोसला ने छात्रा की इस शानदार उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता छात्रा के कठिन परिश्रम, दृढ़ संकल्प तथा अध्यापकों के सशक्त मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों को कौशल-आधारित गुणवत्ता शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों एवं व्यक्तित्व विकास के लिए भी प्रेरित करता है, जिसके सकारात्मक परिणाम लगातार सामने आ रहे हैं।
प्रिंसिपल डॉ. राजीव खोसला ने राजवीर कौर को मोमेंटो एवं पुष्पमाला भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की । साथ ही उन्होंने छात्रा के अभिभावकों एवं समस्त अध्यापक वर्ग को भी इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी ... अजय कुमार अर्श
मेधावी छात्रा राजवीर की उत्कृष्ट उपलब्धि पर मुंह मीठा करवाकर सम्मानित करते हुए प्रिंसिपल डॉ. राजीव खोसला, कॉलेज रजिस्ट्रार प्रो. अजय कुमार अर्श एवं प्राध्यापक