भलुहार गांव में तीन किसानों के खेत से समरसेबल मोटर चोरी किसानों में दहशत जाच में जुटी गुरुआ पुलिस
गया जिले के गुरुआ प्रखंड अंतर्गत चिलोर पंचायत के भलुहार गांव में चोरों ने तीन किसानों के खेत से समरसेबल मोटर चोरी कर ली। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से इलाके के किसानों में चिंता और भय का माहौल बना हुआ है।
पीड़ित किसानों में पूर्व उपप्रमुख केश्वर यादव, महावीर यादव एवं राजबलि यादव शामिल हैं। बताया जाता है कि देर रात चोर खेतों में लगे समरसेबल मोटर खोलकर फरार हो गए। सुबह जब किसान अपने खेत पहुंचे तो मोटर गायब देख उनके होश उड़ गए।
इस संबंध में ग्रामीण कमलेश कुमार यादव ने बताया कि भलुहार गांव में पहले भी कई किसानों के समरसेबल मोटर चोरी हो चुके हैं, लेकिन अब तक चोरी की घटनाओं पर रोक नहीं लग पाई है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही घटनाओं से किसान काफी परेशान हैं और रात में खेतों की रखवाली करने को मजबूर हो रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि खेती के मौसम में मोटर चोरी होने से किसानों को सिंचाई की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ेगा। किसानों ने पुलिस प्रशासन से जल्द चोरी का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने के बाद किसानों ने गुरुआ थाना में शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में गुरुआ थानाध्यक्ष मनेश कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा चोरों की पहचान के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है।