ट्रैफिक पुलिस ने बरवाला-मौली रोड पर औचक नाकाबंदी के दौरान दो ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रालियां पकड़ीं, 55 हजार रुपये के चालान के साथ दोनों वाहन इंपाउंड
पंचकूला/ 16 मई:-सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार सख्ती बरत रही ट्रैफिक पुलिस ने आज बरवाला-मौली रोड पर औचक नाकाबंदी कर ओवरलोडिंग वाहनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस की टीम ने दो ओवरलोडिंग ट्रैक्टर-ट्रालियों को रोककर जांच की, जिनमें निर्धारित क्षमता से अधिक सामान भरा हुआ पाया गया। सूरजपुर ट्रैफिक एसएचओ अभिषेक की मौजूदगी में दोनों वाहनों के दस्तावेजों और यातायात नियमों की जांच के दौरान कई अन्य उल्लंघन भी सामने आए, जिसके चलते दोनों वाहनों के कुल 55 हजार रुपये के चालान किए गए तथा उन्हें मौके पर ही इंपाउंड कर लिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार ट्रैफिक पुलिस द्वारा क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने पाया कि दो ट्रैक्टर-ट्रालियां क्षमता से अधिक भार लेकर सड़क पर दौड़ रही थीं, जिससे अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा को भी खतरा बना हुआ था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ओवरलोड वाहन न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन करते हैं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की बड़ी वजह भी बनते हैं।
एसीपी ट्रैफिक सुरेन्द्र सिंह के अनुसार दोनों वाहनों को इंपाउंड करने के बाद मौली चौकी में खड़ा कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक पुलिस द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी वाहन चालक को नियमों की अनदेखी नहीं करने दी जाएगी। उन्होंने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग यातायात नियमों का पालन करें तथा ओवरलोडिंग से बचें, ताकि सड़क पर सभी की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।