गुरुआ प्रखंड में धूमधाम से मनाया गया वट सावित्री पूजा
गया जिले के गुरुआ प्रखंड क्षेत्र में शनिवार को वट सावित्री पूजा श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। हिंदू धर्म के इस महत्वपूर्ण पर्व पर सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की लंबी उम्र, परिवार की सुख-शांति और समृद्धि के लिए व्रत रखकर विधिवत पूजा-अर्चना की। सुबह से ही विभिन्न गांवों में स्थित वट वृक्ष के पास महिलाओं की भीड़ जुटी रही। महिलाओं ने पारंपरिक परिधान पहनकर पूजा की और वट वृक्ष की परिक्रमा करते हुए धागा बांधा।
पूजा के दौरान महिलाओं ने आरती, मंगलगीत और भजन गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। व्रती महिलाओं ने भगवान से अपने परिवार की खुशहाली और अखंड सौभाग्य की कामना की। कई स्थानों पर सामूहिक रूप से पूजा का आयोजन किया गया, जहां महिलाओं ने एक-दूसरे को वट सावित्री पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
वहीं गुरुआ प्रखंड के मटुआ गांव निवासी आचार्य प्रेम मिश्रा ने महिलाओं को वट सावित्री व्रत कथा सुनाई। कथा के माध्यम से उन्होंने सावित्री और सत्यवान की कथा का महत्व बताते हुए कहा कि यह पर्व पति-पत्नी के अटूट प्रेम, समर्पण और विश्वास का प्रतीक है। कथा सुनने के बाद महिलाओं ने ईश्वर से मनोवांछित फल प्राप्ति की प्रार्थना की।
पूरे प्रखंड में वट सावित्री पूजा को लेकर धार्मिक उत्साह और आस्था का माहौल देखने को मिला।