पुरनिया सीतापुर रोड में दूषित पानी से हाहाकार, 5 दिन से जल संकट झेल रहे लोग
इनसेप्शन डेली न्यूज़/ID News
संदीप शास्त्री (ब्यूरो चीफ)
लखनऊ। राजधानी के पुरनिया सीतापुर रोड इलाके में गंदे पानी की सप्लाई से सैकड़ों लोगों के बीमार होने का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई दिनों से इलाके में दूषित पानी की आपूर्ति हो रही थी, जिसके चलते बड़ी संख्या में लोग बीमार पड़ गए।
हालात बिगड़ने के बाद प्रशासन ने पानी की लाइन बंद कर दी, लेकिन अब पिछले 5 दिनों से इलाके के लोग पानी की भारी किल्लत का सामना कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि पीने के पानी के लिए उन्हें दूर-दूर तक भटकना पड़ रहा है। कई घरों में दैनिक जरूरतों के लिए भी पानी उपलब्ध नहीं है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो गया है।
स्थानीय निवासियों ने नगर निगम और जल संस्थान पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द से जल्द स्वच्छ पानी की व्यवस्था करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते शिकायतों पर ध्यान दिया जाता तो इतनी बड़ी संख्या में लोग बीमार नहीं पड़ते।
इस पूरे मामले पर समाजवादी पार्टी की पूर्व विधानसभा प्रत्याशी पूजा शुक्ला ने प्रदेश सरकार और नगर निगम को घेरते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार आम जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
पूजा शुक्ला ने कहा कि दूषित पानी की लगातार शिकायतों के बावजूद प्रशासन ने समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिसका खामियाजा अब आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि प्रभावित इलाके में तत्काल साफ पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएं और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
वहीं, स्थानीय लोग भी पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जल्द जलापूर्ति बहाल करने की मांग कर रहे हैं।