युवती ट्रेन यात्रा के दौरान लापता, परिजनों में चिंता
गाजियाबाद जा रही 29 वर्षीय प्रज्ञा सिंह नंदा देवी एक्सप्रेस से रहस्यमयी तरीके से लापता
देहरादून से गाजियाबाद जा रही 29 वर्षीय प्रज्ञा सिंह के ट्रेन यात्रा के दौरान लापता होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार प्रज्ञा सिंह नंदा देवी AC SF एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12402) के कोच B2, सीट संख्या 64 पर यात्रा कर रही थीं।
बताया जा रहा है कि उन्हें आखिरी बार रुड़की के पास रात करीब 1:30 बजे देखा गया था। इसके बाद से उनका कोई संपर्क नहीं हो पाया। परिवार के लोगों ने जब उनसे फोन पर संपर्क करने की कोशिश की तो उनका मोबाइल फोन बंद मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चिंता का माहौल है। मामले की सूचना रेलवे पुलिस और संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी द्वारा ट्रेन मार्ग तथा संबंधित स्टेशनों पर जांच शुरू कर दी गई है।
परिजनों ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को प्रज्ञा सिंह के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी रेलवे पुलिस या परिवार से संपर्क करें।