logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

मोरनी हिल्स की सड़कों का बुरा हाल, गड्ढों से ग्रामीणों में रोष

मोरनी। हरियाणा के एकमात्र हिल स्टेशन मोरनी हिल्स की सड़कों की बदहाल स्थिति एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है। चंडी मंदिर-जल्लाह-थापली क्षेत्र की सड़कों पर जगह-जगह पड़े बड़े-बड़े गड्ढे और टूटी सड़कें वाहन चालकों के लिए भारी परेशानी का कारण बनी हुई हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान घटिया सामग्री और लापरवाही के कारण सड़कें बनने के कुछ समय बाद ही टूट गईं।
ग्रामीणों के अनुसार जल्लाह-थापली-मोरनी रोड की हालत बेहद खराब हो चुकी है। सड़क के दोनों तरफ गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिनकी वजह से दोपहिया वाहन चालकों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि इन गड्ढों के कारण उनके दोपहिया वाहन हर रोज टूट रहे हैं और बार-बार रिपेयर करवाने पड़ रहे हैं। ग्रामीणों ने विभाग और प्रशासन से जल्द इस ओर ध्यान देने की मांग की है।
अम्बवाला से कन्या देवी मंदिर के आसपास सड़क पर दूर-दूर तक गड्ढे नजर आते हैं। इन गड्ढों के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो जाती है और हादसों का खतरा बना रहता है। भोज मटोर और थापली पंचायत के लोगों ने आरोप लगाया कि विभाग केवल खानापूर्ति कर रहा है। वहीं नंदपुर से थापली रोड की स्थिति निर्माण के समय से ही खराब बनी हुई है और कई कार्य अब भी अधूरे पड़े हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क मरम्मत नहीं हुई तो वे उपायुक्त पंचकूला और उच्च अधिकारियों का मौके पर दौरा करवाकर विभागीय लापरवाही को उजागर करेंगे।
थापली सरपंच सुनील कुमार, मनोज शर्मा, शिवम विजय शर्मा, अजय शर्मा, नवीन शर्मा और अनुज सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि सड़क के दोनों तरफ मलबे के पहाड़ जमा हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों पर्यटक और निजी वाहन गुजरते हैं, लेकिन पीडब्ल्यूडी विभाग शिकायतों के बावजूद केवल जल्द मरम्मत का आश्वासन देकर मामले को टाल देता है।

13
749 views

Comment