logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

भीषमपुर गांव के तालाब में लाखों की मछलियां मरीं, जहरीला पदार्थ डालने की आशंका से मचा हड़कंप।

भीषमपुर गांव के तालाब में लाखों की मछलियां मरीं, जहरीला पदार्थ डालने की आशंका से मचा हड़कंप

चंदौली। चकिया तहसील क्षेत्र के भीषमपुर गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गांव के बड़े तालाब में हजारों की संख्या में मछलियां मृत अवस्था में पानी की सतह पर तैरती हुई पाई गईं। देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव में फैल गई और तालाब के आसपास ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। मछलियों के सड़ने से उठ रही दुर्गंध ने लोगों को और अधिक चिंतित कर दिया है।
बताया जा रहा है कि यह तालाब गांव निवासी राजू साहनी को वर्ष 2021 में चकिया तहसील प्रशासन द्वारा लगभग चार लाख सत्तर हजार रुपये में मत्स्य पालन के लिए पट्टे पर दिया गया था। इसी तालाब से उनके परिवार की आजीविका चलती थी। लेकिन अचानक हुई इस घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
पीड़ित राजू साहनी के अनुसार, तालाब में करीब चार लाख रुपये की मछलियां मर गई हैं। उन्होंने इस मामले में उपजिलाधिकारी चकिया को लिखित शिकायत देकर आर्थिक सहायता और न्याय की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में मछलियों की मौत सामान्य कारणों से संभव नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि किसी शरारती तत्व ने तालाब में जहरीला पदार्थ डाल दिया, जिससे यह घटना हुई। मृत मछलियों के कारण पूरे इलाके में दुर्गंध फैल गई है, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा भी बना हुआ है।
घटना के बाद मत्स्य पालकों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि महीनों की मेहनत और लाखों का निवेश एक ही रात में बर्बाद हो गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पीड़ितों को तत्काल मुआवजा देने की मांग की है।
इस घटना को लेकर गांव में भारी आक्रोश और चिंता का माहौल बना हुआ है।

18
313 views

Comment