logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

पलासी में राजकीय डिग्री कॉलेज का भव्य उद्घाटन, क्षेत्र में खुशी की लहर

पलासी/अररिया:
पलासी प्रखंड के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब डाला गांव स्थित मध्य सह माध्यमिक विद्यालय प्लस टू परिसर में राजकीय डिग्री कॉलेज का भव्य उद्घाटन समारोहपूर्वक किया गया। कॉलेज खुलने से अब प्रखंड के हजारों छात्र-छात्राओं को स्थानीय स्तर पर ही स्नातक शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। साथ ही एनसीसी, खेलकूद एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों का भी लाभ छात्रों को मिलेगा।

उद्घाटन समारोह में विधायक प्रतिनिधि इरफान सलीम, प्रमुख प्रतिनिधि सदानंद यादव, मुखिया प्रभुनाथ विश्वास, मुखिया प्रतिनिधि जितेन्द्र मल्लिक सहित कई जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कॉलेज का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कॉलेज के नवनियुक्त प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार सिंह का भी गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पलासी क्षेत्र में लंबे समय से डिग्री कॉलेज की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। स्थानीय विधायक मो. मुर्शीद आलम द्वारा विधानसभा में लगातार मांग उठाए जाने के बाद यह सपना अब साकार हुआ है। लोगों ने इसे क्षेत्र के शैक्षणिक विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया।

विधायक प्रतिनिधि इरफान सलीम ने कहा कि अब छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। वहीं प्रमुख प्रतिनिधि सदानंद यादव ने कहा कि कॉलेज खुलने से खासकर गरीब एवं ग्रामीण परिवारों के बच्चों को काफी सहूलियत मिलेगी।

मुखिया प्रतिनिधि जितेन्द्र मल्लिक ने कहा कि अब पंचायत के बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा से लेकर स्नातक तक की पढ़ाई एक ही परिसर में करने का अवसर मिलेगा, जिससे शिक्षा का स्तर और बेहतर होगा।

नवनियुक्त प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पलासी प्रखंड की 21 पंचायतों और लगभग तीन लाख आबादी के छात्र-छात्राओं को इस कॉलेज से सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि कॉलेज में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ एनसीसी, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अभिषेक भारती ने किया। मौके पर प्रभारी प्रधानाध्यापक चिंता देवी, अशोक पासवान, नासीर उद्दीन, सोनू कुमार, शुभम कुमार, कुंदन कुमार, लखी प्रसाद, अनिल कुमार यादव, विजेंद्र प्रसाद मांझी, जय कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

रिपोर्ट:
मो. शम्स रेजा,

9
292 views

Comment