कर्नाटक में भीषण हादसा: श्रद्धालुओं से भरी ट्रॉली को ट्रक ने मारी टक्कर, छह लोगों की मौत
कर्नाटक के कोप्पल जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए। हादसा तुंगभद्रा पुल पर हुआ, जो मुनीराबाद पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है।
पुलिस के अनुसार, एक ट्रैक्टर में करीब 15 लोग सवार होकर हुलिगे मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान पुल के पास कथित तौर पर एक तेज़ रफ्तार लॉरी ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरा।कोप्पल के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शुरुआती जांच में लॉरी की टक्कर के कारण हादसा होने की बात सामने आई है। दुर्घटना में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।