जनगणना 2027 के प्रथम चरण की तैयारियां पूर्ण, 16 मई से शुरू होगा मकान सूचीकरण कार्य
दौसा, 15 मई। जनगणना 2027 के अंतर्गत प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं
जनगणना 2027 के प्रथम चरण की तैयारियां पूर्ण, 16 मई से शुरू होगा मकान सूचीकरण कार्य
दौसा, 15 मई। जनगणना 2027 के अंतर्गत प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य 16 मई से 14 जून तक जिले में संचालित किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा प्रथम चरण की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा ने बताया कि जिले में कुल 3125 मकान सूचीकरण ब्लॉकों के लिए 3138 प्रगणकों तथा 529 पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। इन कार्मिकों का प्रशिक्षण कार्य भी पूर्ण कराया जा चुका है। प्रत्येक प्रगणक को लगभग 150200 मकानों अथवा 800900 की जनसंख्या का कार्यभार सौंपा गया है। फील्ड कार्य शुरू होने से पूर्व सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को जनगणना किट, नियुक्ति पत्र, आईडी कार्ड तथा ले-आउट मैप वितरित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जनगणना कार्य के दौरान यदि कोई मकान खाली पाया जाता है और उसमें कोई व्यक्ति निवास नहीं कर रहा हो या उसका किसी अन्य गैर-आवासीय उपयोग भी नहीं लिया जा रहा हो, तो उसके लिए कोड शून्य चुनना होगा और खाली रहने का कारण दर्ज करना होगा। वहीं यदि मकान अस्थायी रूप से बंद हो और निवासी यात्रा या तीर्थ यात्रा पर गए हों, तो उसे खाली मकान नहीं माना जाएगा तथा वास्तविक उपयोग दर्ज किया जाएगा और निवासी के यात्रा पर जाना दर्ज करना होगा।
उन्होंने बताया कि खुले स्थानों, सड़क किनारों, फुटपाथों, फ्लाईओवरों, सीढ़ियों के नीचे या रेलवे प्लेटफॉर्म आदि स्थानों पर रहने वाले बेघर परिवारों को मकान सूचीकरण चरण में शामिल नहीं किया जाएगा। उन्हें जनसंख्या की गणना के समय दूसरे चरण में शामिल किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, छात्रावास, बोर्डिंग हाउस, बचाव गृह, जेल, अनाथालय तथा अन्य संस्थानों में रहने वाले व्यक्तियों के समूह को संस्थागत परिवार की श्रेणी में शामिल किया गया है।
जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा ने जिलेवासियों से अपील की है कि जनगणना के दौरान घर पहुंचने वाले प्रगणकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं तथा इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सहयोग करें। नागरिकों की सभी जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।