रूस का यूक्रेन पर सबसे बड़ा हवाई हमला
1500 से ज्यादा ड्रोन और 100 मिसाइलों से दहला कीव
कई शहरों में तबाही, 11 लोगों की मौत, दर्जनों घायल
रूस और यूक्रेन के बीच पिछले चार वर्षों से जारी युद्ध अब और भी खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। बुधवार और गुरुवार की रात रूस ने यूक्रेन पर अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला किया। रूसी सेना ने यूक्रेन की राजधानी कीव समेत कई बड़े शहरों पर 1,560 से अधिक ड्रोन और करीब 100 मिसाइलें दागीं।
हमलों के दौरान कीव में जोरदार धमाकों से दहशत फैल गई। कई रिहायशी इमारतें, बिजली केंद्र और नागरिक सुविधाएं क्षतिग्रस्त हो गईं। इस बड़े हमले में कीव में पांच लोगों की मौत हुई, जबकि अन्य शहरों में छह लोगों की जान गई। दर्जनों लोग घायल बताए जा रहे हैं।
यूक्रेनी प्रशासन के अनुसार, रूस ने एक साथ कई दिशाओं से ड्रोन और मिसाइल हमले किए, जिससे एयर डिफेंस सिस्टम पर भारी दबाव पड़ा। कई इलाकों में आग लग गई और राहत-बचाव अभियान देर रात तक जारी रहा।
हमलों के बाद यूक्रेन ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मदद की अपील की है। यूक्रेन ने खास तौर पर अमेरिका और चीन से हस्तक्षेप कर रूस पर दबाव बनाने और हमले रुकवाने की मांग की है।
दूसरी ओर, रूस की ओर से इस हमले को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लगातार बढ़ते हमलों के बीच दुनिया भर की नजरें अब इस युद्ध के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।