अमेठी: जिला अस्पताल की अव्यवस्थाओं पर महिलाओं ने प्रदर्शन किया
अमेठी: संयुक्त जिला चिकित्सालय गौरीगंज में शुक्रवार को किसान नेता रीता सिंह के नेतृत्व में महिलाओं ने अस्पताल की अव्यवस्थाओं के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने महिला डॉक्टर की अनुपस्थिति और अस्पताल स्टाफ के कथित अभद्र व्यवहार के खिलाफ नारेबाजी की।
रीता सिंह ने आरोप लगाया कि अस्पताल में महिला मरीजों के इलाज की उचित व्यवस्था नहीं है और महिला डॉक्टर अक्सर अनुपस्थित रहती हैं, जिससे दूर-दराज से आने वाली महिलाओं को परेशानी होती है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ स्टाफ कर्मी मरीजों और तीमारदारों के साथ दुर्व्यवहार करते हैं। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द सुधार की मांग की। सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। रीता सिंह ने चेतावनी दी कि यदि व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।