सरायकेला : वैशाख संक्रांति पर शिवभक्तों ने अंगारों पर हठभक्ति की
सरायकेला : वैशाख संक्रांति के अवसर पर सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर में शुक्रवार को आस्था और हठभक्ति का दृश्य देखने को मिला। चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के बीच सैकड़ों शिवभक्तों ने दहकते अंगारों पर नंगे पांव चलकर भगवान भोलेनाथ के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा व्यक्त की। मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल और ढोल-नगाड़ों की गूंज से सराबोर रहा।
भक्तों ने गुरुवार से उपवास रखकर पूजा-अर्चना शुरू की थी। मन्नत पूरी होने की खुशी में श्रद्धालुओं ने भैरवनाथ की विशेष पूजा की और जलते अंगारों पर चलकर अपनी हठभक्ति का प्रदर्शन किया। महिलाओं की भागीदारी भी खास रही, जिनमें से सौ से अधिक महिलाओं ने माथे पर कलश लेकर जलाशयों से मंदिर पहुंचकर अंगारों पर चलने के बाद जलाभिषेक किया। पुजारी गोपाल चंद्र तिवारी ने विधिवत पूजा-अर्चना कराई। स्थानीय लोगों के अनुसार यह परंपरा करीब 209 वर्षों से चली आ रही है।