बुढ़ार: ब्लॉक कांग्रेस ने SECL महाप्रबंधक का किया घेराव, चक्काजाम की चेतावनी
बुढ़ार: क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण, जर्जर सड़कों और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर बुढ़ार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने SECL सोहागपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक बी.के. जैना से कड़े सवाल किए। ब्लॉक अध्यक्ष अंकित सिंह के नेतृत्व में वरिष्ठ नेताओं ने जनसमस्याओं पर जवाब मांगा और प्रदूषण नियंत्रण के लिए नियमित पानी छिड़काव की व्यवस्था को अधिकारियों की निगरानी में करने का आश्वासन प्राप्त किया।
प्रबंधन ने रेलवे क्रॉसिंग धनपुरी नंबर 1 के पास शेड निर्माण और बघैया पुल से अमलाई फाटक तक कंक्रीट सड़क बनाने का निर्णय लिया। स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए जल्द ठेकेदारों से बैठक करने का आश्वासन भी दिया गया। 'गोप' विवाद पर उच्च स्तरीय जांच का वादा किया गया। अंकित सिंह ने चेतावनी दी कि यदि प्रदूषण और पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो संवाद बंद कर चक्काजाम किया जाएगा। इस बैठक में वरिष्ठ नेता संतोष सिंह सेंगर, ईबरार खान, राम सिंह मंडलम, अध्यक्ष ओंकार सिंह सहित कई कांग्रेसी मौजूद थे।