logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

साले की जमीन हड़पने के लिए रची खौफनाक साजिश! शराब पिलाकर की हत्या, सिम्भावली पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

थाना सिम्भावली पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्या कांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक रिश्तों को शर्मसार करने वाली इस वारदात में आरोपी ने अपने ही सगे साले की जमीन हड़पने के लिए मौत की साजिश रची थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना सिम्भावली पुलिस ने मु0अ0सं0 105/2026 धारा 103(1) बीएनएस के मामले का सफल अनावरण किया। पुलिस ने आरोपी विनय कुमार नागर और उसके साथी उदयवीर उर्फ उदेश गुर्जर को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक 32 बोर पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक 315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। गिरफ्तारी नवादा नहर पुल से बक्सर की ओर जाने वाले रास्ते से की गई।
हत्या के पीछे जमीन का लालच
पूछताछ में मुख्य आरोपी विनय कुमार नागर ने पुलिस को बताया कि मृतक शिवकुमार उसका सगा साला था। आरोपी ने खुलासा किया कि उसके ससुर के नाम गंगा एक्सप्रेसवे के पास करीब 16 से 17 बीघा जमीन है। आर्थिक तंगी और जमीन पाने की लालच में उसने अपने साले शिवकुमार को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
आरोपी ने अपने दोस्त उदेश को भी इस प्लान में शामिल किया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने घटना वाले दिन अपने मोबाइल घर पर छोड़ दिए ताकि लोकेशन ट्रेस न हो सके।
शराब पिलाकर उतारा मौत के घाट
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने पहले शिवकुमार को फोन कर बुलाया, फिर रास्ते में कई जगह शराब पिलाई। देर रात सिम्भावली नहर पटरी के पास सुनसान इलाके में ले जाकर शिवकुमार को ज्यादा शराब पिलाई गई।
जब शिवकुमार नशे में पूरी तरह बेसुध हो गया, तब आरोपियों ने गमछे से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव और मोटरसाइकिल को मौके पर फेंककर फरार हो गए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। थाना सिम्भावली पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

60
2333 views

Comment