तेज़ रफ्तार डंपर की टक्कर से दो युवकों की मौत, क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन:-
असम के तिनसुकिया जिले के डूमडूमा क्षेत्र में बुधवार रात एक तेज़ रफ्तार डंपर द्वारा मोटरसाइकिल को कथित रूप से पीछे से टक्कर मार देने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों और ऑल टी ट्राइब्स स्टूडेंट्स एसोसिएशन (एटीटीएसए) के सदस्यों में भारी आक्रोश फैल गया तथा क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। मृतकों की पहचान फिल्लोबाड़ी गांव निवासी राजू टोप्पो और एंथोनी सोना के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना बुधवार रात राष्ट्रीय राजमार्ग- पर बीसाकोपी टी फैक्ट्री के समीप हुई। बताया गया है कि दोनों युवक मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज़ रफ्तार डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल डूमडूमा एफआरयू अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। बाद में शवों को पोस्टमार्टम के लिए तिनसुकिया मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद एटीटीएसए और स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया तथा क्षेत्र में डंपरों की आवाजाही रोक दी। प्रदर्शनकारियों ने दुर्घटनाग्रस्त मार्ग पर भारी वाहनों की कड़ी निगरानी, सड़क सुरक्षा नियमों के सख्त पालन और प्रशासन द्वारा तत्काल कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है तथा आगे की जांच जारी है।