फरीदपुर तहसील में धड़ल्ले से चल रहे अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटर, प्रशासन मौन
फरीदपुर तहसील में अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटरों के संचालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सूत्रों के अनुसार तहसील क्षेत्र में कई ऐसे अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालित हो रहे हैं जहां न तो योग्य रेडियोलॉजिस्ट डॉक्टर मौजूद हैं और न ही स्वास्थ्य विभाग के तय मानकों का पालन किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि इन सेंटरों पर बिना किसी वैध अनुमति और आवश्यक सुविधाओं के मरीजों की जांच की जा रही है। हैरानी की बात यह है कि स्वास्थ्य विभाग की अनदेखी के चलते ये सेंटर खुलेआम संचालित हो रहे हैं और जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई करने से बचते नजर आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई सेंटरों पर तकनीकी मानकों की भारी कमी है, फिर भी मरीजों की जान जोखिम में डालकर जांच की जा रही है। सूत्रों का दावा है कि कुछ सेंटरों पर प्रशिक्षित स्टाफ तक उपलब्ध नहीं है, जबकि नियमों के अनुसार अल्ट्रासाउंड संचालन के लिए विशेषज्ञ रेडियोलॉजिस्ट और पंजीकरण अनिवार्य होता है।
क्षेत्रीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटरों की जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि मरीजों के स्वास्थ्य के साथ हो रहे खिलवाड़ को रोका जा सके।
अब देखना यह होगा कि स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन इस गंभीर मामले में कब तक कार्रवाई करता है या फिर अवैध सेंटर इसी तरह नियमों को ठेंगा दिखाते रहेंगे।