logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

राधा रमण बिहारी मंदिर क्षेत्र में नगर निगम की सख्ती, दुकानदारों को दी अतिक्रमण न करने की चेतावनी

राधा रमण बिहारी मंदिर क्षेत्र में नगर निगम की सख्ती, दुकानदारों को दी अतिक्रमण न करने की चेतावनी

मथुरा-वृंदावन नगर निगम द्वारा धार्मिक स्थलों एवं प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुबार शाम नगर निगम के अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह एवं अतिक्रमण अधिकारी कर्नल आरके सिंह ने राधा रमण बिहारी मंदिर क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर मार्ग, आसपास की गलियों एवं दुकानों के बाहर रखे सामान की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने दुकानदारों से साफ शब्दों में कहा कि दुकान के बाहर सामान रखकर अतिक्रमण न करें, क्योंकि इससे श्रद्धालुओं एवं आम लोगों के आवागमन में बाधा उत्पन्न होती है। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना है, ऐसे में सभी दुकानदारों का दायित्व है कि वे व्यवस्था बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें।

अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने दुकानदारों से अपील करते हुए कहा कि वे स्वयं आगे आकर मार्गों को खाली रखें तथा नगर निगम के निर्देशों का पालन करें।

वहीं अतिक्रमण अधिकारी कर्नल आरके सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि बार-बार समझाने के बाद भी यदि किसी दुकानदार द्वारा दुकान के बाहर अतिक्रमण किया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क एवं मार्ग जनता की सुविधा के लिए हैं, इसलिए उन पर अवैध रूप से कब्जा या सामान रखना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

भ्रमण के दौरान ईटीएफ टीम भी मौके पर मौजूद रही। टीम द्वारा दुकानदारों को निर्देशित किया गया कि वे निर्धारित सीमा के भीतर ही अपना सामान रखें और सार्वजनिक मार्गों को बाधित न करें। नगर निगम अधिकारियों ने क्षेत्र में साफ-सफाई एवं यातायात व्यवस्था का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

नगर निगम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति दिखाई दी तथा कई दुकानदारों ने तत्काल अपने सामान को सड़क से हटाना शुरू कर दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

23
1614 views

Comment