बेगूसराय जिले के मंझौल में गुरुवार को अमर शहीद एवं महान स्वतंत्रता सेनानी बैकुंठ शुक्ला की 119वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम का आयोजन समाजसेवी प्रोफेसर संतोष ईश्वर के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी, युवा एवं स्थानीय लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत बैकुंठ शुक्ला के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। उपस्थित लोगों ने उनके बताए आदर्शों को याद करते हुए राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि बैकुंठ शुक्ला ने देश की आजादी के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया था और उनका जीवन आज भी युवाओं को प्रेरित करता है।
समाजसेवी प्रोफेसर संतोष ईश्वर ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बैकुंठ शुक्ला त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक थे तथा उनके विचार समाज को एक नई दिशा देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीत, विचार गोष्ठी एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कई गणमान्य लोग, शिक्षक, छात्र एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति का माहौल बना रहा।