बक्सर गांव में भीषण अग्निकांड: कई परिवारों का गृहस्थी, दहेज, नकदी और आभूषण जलकर राख, समाजसेवियों ने बढ़ाया मदद का हाथ
BREAKING NEWS | AIMA MEDIA जन जन की आवाज.....
13/05/2026 | समय : 4:02 बजे
ग्राम पोस्ट बक्सर, थाना बारा, जनपद उन्नाव
बक्सर गांव में भीषण अग्निकांड, कई परिवारों की वर्षों की मेहनत जलकर राख
गृहस्थी, दहेज, आभूषण, नकदी, बाइक और खाने-पीने का सामान आग की भेंट
थाना बारा क्षेत्र के ग्राम बक्सर में बुधवार को हुए भीषण अग्निकांड ने कई परिवारों को गहरे संकट में डाल दिया। आग की इस भयावह घटना में कई घरों में रखा गृहस्थी का सामान, खाने-पीने का सामान, दहेज का सामान, नकदी, कपड़े, आभूषण, बाइक, मोबाइल, इंजन एवं जरूरी कागजात जलकर राख हो गए। आग लगने का कारण समाचार लिखे जाने तक स्पष्ट नहीं हो सका है।
जानकारी के अनुसार दुर्गा पासवान की बेटी की विदाई 13/05/2026 को हुई थी। शादी के लिए घर में रखा कपड़ा, आभूषण, नकदी, खाने-पीने का सामान एवं बाइक आग की चपेट में आकर जलकर राख हो गई। वहीं धनीराम के घर में रखा दहेज का सामान, मोबाइल, नकदी, छोटा इंजन, जरूरी दस्तावेज एवं गृहस्थी का सामान भी पूरी तरह नष्ट हो गया।
आग की चपेट में आने वाले परिवारों में रामचंद्र, जियालाल, संतोष, सुन्दरलाल एवं मुकेश के घर शामिल बताए गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार आग तेजी से फैलने लगी, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही बारा थाना SHO, CO, बक्सर चौकी प्रभारी, पुलिसकर्मी, PRD जवान एवं होमगार्ड मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों एवं आसपास के लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई तथा बच्चे, महिलाएं एवं पुरुष सुरक्षित बताए गए हैं।
शाम 6:00 बजे के लगभग गांव में एक अन्य घर में भी आग लग गई, जिसमें विधवा मधुरी देवी एवं उनके चार पुत्र विनोद, मनोज, दिनेश और उमेश का गृहस्थी का सामान, खाने-पीने का सामान एवं जरूरी वस्तुएं जलकर राख हो गईं। बताया गया कि आग लगने के समय घर पर कोई अभिभावक मौजूद नहीं था, केवल छोटे बच्चे घर में थे।
इस दुखद घटना के बाद कई सामाजिक संगठनों एवं समाजसेवियों ने पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए हाथ आगे बढ़ाया। रितु फाउंडेशन के संस्थापक अनुराग त्रिवेदी के पिता रानू त्रिवेदी, नितिन त्रिवेदी एवं पप्पू द्वारा पीड़ित परिवारों को राशन सामग्री एवं आर्थिक सहायता प्रदान की गई तथा घटना पर गहरा दुःख प्रकट किया गया।
वहीं पुष्प फाउंडेशन के संस्थापक पुष्पेंद्र प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंचे और आग पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए घटना पर संवेदना व्यक्त की। सामाजिक संगठनों द्वारा राहत सामग्री वितरण किए जाने से पीड़ित परिवारों को कुछ राहत मिली।
ग्राम प्रधान रामबदन, भाई राजू एवं पुत्र शुभम द्वारा भी पीड़ित परिवारों के लिए भोजन, चाय एवं नाश्ते की व्यवस्था कराई गई।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं माननीय मुख्यमंत्री से मांग की है कि सभी आग पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए। लोगों ने प्रत्येक प्रभावित परिवार को 3 लाख सहायता राशि दिए जाने की मांग की है।
#DM #SP #UnnaoNews #UPNews #BreakingNews #FireIncident #AimaMedia