माधुरी दीक्षित के जन्मदिन पर साकची में उत्सव की धूम, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
जमशेदपुर: बॉलीवुड की धक-धक गर्ल माधुरी दीक्षित के जन्मदिन के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी शहर के साकची बाजार में भव्य दो दिवसीय समारोह का आयोजन किया गया। गुरुवार शाम कार्यक्रम के पहले दिन आयोजन स्थल पूरी तरह उत्सव और त्योहार के रंग में रंगा नजर आया। रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक सजावट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को यादगार बना दिया। देर रात तक लोगों की भारी भीड़ कार्यक्रम का आनंद लेती रही।
कार्यक्रम में स्पर्श क्रिएटिव एकेडमी के बच्चों ने माधुरी दीक्षित के लोकप्रिय गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीत लिया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों पर लोगों ने जमकर तालियां बजाईं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने ऐसा समां बांधा कि दर्शक देर रात तक आयोजन स्थल पर डटे रहे। खासकर महिलाओं और युवतियों में सेल्फी लेने की होड़ देखने को मिली। पूरा आयोजन स्थल पूजा पंडाल की तरह आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिसने लोगों को काफी आकर्षित किया।
इसके साथ ही ISKCON की टीम द्वारा हरे राम-हरे कृष्ण संकीर्तन एवं धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना से हुई। पंडित संतोष कुमार त्रिपाठी ने विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई, जबकि आयोजनकर्ता पप्पू सरदार यजमान के रूप में शामिल हुए। पूजा के दौरान माधुरी दीक्षित की लंबी उम्र और स्वस्थ जीवन की कामना की गई।
पूजा के बाद आयोजित सम्मान समारोह में शहर के 50 से अधिक वरिष्ठ मीडियाकर्मियों को सम्मानित किया गया। आयोजन समिति की ओर से सभी पत्रकारों को सम्मान स्वरूप स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। इसके बाद रात करीब 11:30 बजे भव्य केक काटकर माधुरी दीक्षित का जन्मदिन उत्सव के रूप में मनाया गया। केक कटिंग के दौरान मौजूद लोगों ने तालियों और शुभकामनाओं के साथ जन्मदिन समारोह को खास बना दिया।
कार्यक्रम के दूसरे दिन शुक्रवार को करनडीह स्थित चेशायर होम में रहने वाले दिव्यांगजनों के बीच भोजन वितरण किया जाएगा तथा उन्हें उपहार देकर जन्मदिन की खुशियां साझा की जाएंगी। इसके अलावा शाम में आम लोगों के बीच निःशुल्क चाट वितरण किया जाएगा। बच्चों के मनोरंजन के लिए निःशुल्क झूले की भी व्यवस्था की गई है, जो सड़क किनारे फुटपाथ पर लगाए जाएंगे।
गौरतलब है कि शहर के पप्पू सरदार पिछले 29 वर्षों से लगातार माधुरी दीक्षित का जन्मदिन बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाते आ रहे हैं। उनकी इस अनोखी दीवानगी और समर्पण को राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिल चुकी है। हर वर्ष की तरह इस बार भी कई शुभचिंतकों और स्थानीय लोगों के सहयोग से इस आयोजन को सफल बनाया गया।