logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र कोरजाना बूढ़ी गंडक नदी में डूबने से 10 वर्षीय किशोर की मौत, परिवार में मचा कोहराम

चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के कोरजना गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 10 वर्षीय किशोर की बूढ़ी गंडक नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान कोरजना वार्ड संख्या-02 निवासी दीपक कुमार राम के पुत्र रितेश कुमार (उम्र करीब 10 वर्ष) के रूप में की गई है। बताया जाता है कि रितेश किसी काम से बूढ़ी गंडक नदी के किनारे गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। आसपास मौजूद लोगों ने जब बच्चे को डूबते देखा तो शोर मचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण पुलिस नंदलाल साह मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी चेरिया बरियारपुर थाना प्रभारी को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से नदी में किशोर की तलाश शुरू कराई गई।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों की मदद से नदी से रितेश कुमार का शव बरामद किया गया। शव मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। गांव के लोगों की आंखें भी नम हो गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और बच्चों को सतर्क करने की मांग की है।
चेरिया बरियारपुर संवाददाता : अरुण साह

96
4592 views

Comment