बांसी में ईदुल अजहा की शांति समिति बैठक संपन्न
बांसी, सिद्धार्थनगर: आगामी ईदुल अजहा (बकरीद) के त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में मनाने के लिए बांसी कोतवाली परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। एसडीएम निखिल चक्रवर्ती, क्षेत्राधिकारी शुबेंदु सिंह और प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय पाठक की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में त्योहार के दौरान आपसी भाईचारे और नियमों के पालन की अपील की गई। प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय पाठक ने उपस्थित संभ्रांत नागरिकों और धर्मगुरुओं से त्योहार को पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाने का आग्रह किया।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी वर्जित है और कुर्बानी केवल निर्धारित या निजी स्थानों पर ही की जाए। अवशेषों को खुले में न फेंकने तथा स्वच्छता बनाए रखने के लिए उचित निस्तारण करने पर जोर दिया गया। सोशल मीडिया पर भ्रामक या सांप्रदायिक पोस्ट साझा न करने और अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर रखने की चेतावनी भी दी गई। क्षेत्र के तमाम संभ्रांत व्यक्तियों और जनप्रतिनिधियों ने इस बैठक में हिस्सा लिया और प्रशासन को सहयोग का आश्वासन दिया। प्रमुख उपस्थितियों में रियाज अहमद, जैनूल्लाह, अब्दुल जब्बार, हाजी रहमत अली, अमारुद्दीन, मौलाना सोहराब अली, इंद्रदेव तिवारी, मौलाना तालिब, रुआब अली, अंगद वर्मा और प्रदीप कुमार शामिल थे।