शिक्षकों की समस्याओं के समाधान को लेकर महासंघ ने सौंपा ज्ञापन
रायपुर। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, खंड रायपुर (विद्यालय शिक्षा) के तत्वावधान में गुरुवार को शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी रायपुर को ज्ञापन सौंपा गया।
खंड अध्यक्ष मुकेश कुमार गुर्जर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में शिक्षक पंचायत समिति परिसर में एकत्रित हुए और शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया। इसके बाद उपखंड अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन प्रेषित किया गया।
ज्ञापन में ग्रीष्मावकाश सहित समस्त अवकाश यथावत रखने, तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण करने, लंबित पदोन्नतियां जारी करने, रिक्त पदों पर नियुक्तियां एवं पदस्थापन करने, शिक्षकों को गैर शैक्षणिक कार्यों से मुक्त करने, वेतन विसंगतियों को दूर करने तथा संविदा शिक्षकों को नियमित करने जैसी मांगें प्रमुखता से उठाई गईं।
महासंघ पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षक लंबे समय से विभिन्न समस्याओं का सामना कर रहे हैं, जिससे शिक्षा व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। समय रहते समाधान नहीं होने पर संगठन चरणबद्ध आंदोलन करने को बाध्य होगा।
इस दौरान रघुवीर सिंह देवल, चेतन रावरिया, नरेंद्र जैन, रामरतन, नरेंद्र बासेटा, रामराज प्रजापत, धर्मेंद्र जलतूरिया, बजरंगी चौधरी, हंसराज गुर्जर, दीपक गुप्ता, नरेंद्र सिंह, संपत लाल गुर्जर, मनीष सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे। महिला एवं पुरुष शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर संगठन की एकजुटता प्रदर्शित की।