सर्वोच्च न्यायालय में 21 से 23 अगस्त 2026 तक विशेष लोक अदालत का आयोजन
नई दिल्ली। न्याय को सरल, सुलभ एवं जनसामान्य तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारत के माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा समाधान समारोह 2026 अभियान के अंतर्गत 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को सर्वोच्च न्यायालय परिसर में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान की शुरुआत 21 अप्रैल 2026 से की गई है।
विशेष लोक अदालत में सर्वोच्च न्यायालय में लंबित विभिन्न श्रेणी के चिन्हित मामलों का आपसी सहमति एवं समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। इसमें बैंकिंग एवं बीमा, दीवानी, मोटर दुर्घटना प्रतिकर, उपभोक्ता एवं सेवा संबंधी विवाद, पारिवारिक मामले, वाणिज्यिक एवं आर्बिट्रेशन, भूमि अधिग्रहण, श्रम एवं औद्योगिक विवाद, स्थानांतरण याचिकाएं सहित अन्य समझौता योग्य प्रकरण शामिल किए जाएंगे। पक्षकार इस विशेष लोक अदालत का लाभ स्वयं अथवा अपने अधिवक्ता के माध्यम से निःशुल्क प्राप्त कर सकते हैं।
इस पहल का उद्देश्य लंबित मामलों का त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है, जिससे न्याय व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाया जा सके।