उदयपुर: तेज आंधी से सायर में बिजली व्यवस्था ठप
उदयपुर/सायर : ग्राम पंचायत सायर में बुधवार शाम तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश और ओलावृष्टि होने से जनजीवन प्रभावित हो गया। तेज हवाओं के कारण सायर से बसवार जाने वाले मार्ग पर 11 हजार केवी बिजली लाइन के खंभे और तार पर आम के पेड़ की बड़ी डाली टूटकर गिर गई, जिससे पूरे गांव की बिजली व्यवस्था ठप हो गई है।
ग्रामीणों के अनुसार यह विद्युत लाइन उदयपुर पावर हाउस से लक्ष्मणगढ़ होते हुए सायर तक पहुंचती है। आंधी-तूफान का प्रभाव पूरे उदयपुर ब्लॉक में दिखा, जहां कई स्थानों पर पेड़ गिरने और तार क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं सामने आई हैं। लक्ष्मणगढ़ फीडर में भी कई जगह पेड़ टूटकर बिजली तारों पर गिर गए हैं, जिसके कारण बिजली आपूर्ति 18 घंटे से अधिक समय से बंद है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से शीघ्र मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।