गोगरी वार्ड 35 में पेयजल संकट गहराया, पंप ऑपरेटर को दो साल से नहीं मिला मानदेय
AIMA न्यूज
मनोज कुमार शर्मा
खगड़िया (बिहार) 14 मई।
गोगरी, खगड़िया। गोगरी नगर परिषद के वार्ड संख्या 35 स्थित मिक्को सिंह टोला में पेयजल की समस्या से लोग जूझ रहे हैं। स्थानीय निवासी राजकुमार प्रसाद की सूचना पर ग्राम एक्टिविस्ट सह सरपंच नवल किशोर सिंह ने बुधवार को मौके का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पंप ऑपरेटर पुलों सिंह ने बताया कि उन्हें पिछले दो वर्षों से विभाग द्वारा मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। इसके अलावा पीएचडी विभाग की ओर से पिछले लगभग छह महीनों से क्षेत्र में नियमित पेयजल आपूर्ति भी ठप है। पानी नहीं मिलने से मोहल्ले के लोगों को रोजमर्रा के कामों में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थानीय निवासियों ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द पेयजल व्यवस्था बहाल करने और पंप ऑपरेटर का बकाया मानदेय भुगतान कराने की मांग की है।
इस मौके पर सरपंच नवल किशोर सिंह ने कहा, "आम जनता की मूलभूत सुविधाएं प्राथमिकता होनी चाहिए। पेयजल जैसी बुनियादी समस्या का समाधान जल्द से जल्द होना चाहिए ताकि लोगों को राहत मिल सके।" उन्होंने विभागीय अधिकारियों से मामले में त्वरित कार्रवाई का आग्रह किया।
मौके पर राजकुमार प्रसाद , फूलों सिंह, मयंक कुमार पोद्दार ,अशोक पंडित, विकास पंडित ,रामजी चौरसिया सहित अन्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।