जिलाधिकारी ने सीएचसी डकोर का किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा
डकोर। जिलाधिकारी द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डकोर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य केंद्र में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डिलीवरी सेवाओं, पैथोलॉजी जांच, दवा वितरण, टीकाकरण व्यवस्था तथा अन्य चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके तीमारदारों से सीधे संवाद कर उपचार व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। मरीजों से बातचीत के दौरान प्राप्त सुझावों एवं आवश्यकताओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य केंद्र में दो फार्मासिस्टों की तैनाती सुनिश्चित किए जाने हेतु आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को समय पर बेहतर उपचार एवं दवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।