तेज आंधी-तूफान का कहर: पेड़ गिरने व दीवार ढहने से दो की मौत, दर्जनों घायल।
तेज आंधी-तूफान का कहर: पेड़ गिरने व दीवार ढहने से दो की मौत, दर्जनों घायल।
चंदौली। जनपद में आई तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई। क्षेत्र के कई गांवों में पेड़ उखड़ गए और कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचा, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। इस आपदा में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, विभिन्न गांवों में आंधी के कारण पेड़ गिरने और दीवार ढहने से मंजू देवी (42) निवासी मिषमपुर, जैनुद्दीन (45) निवासी गोहारा, रामबली निवासी बलुआ कला, रजोला देवी (60) निवासी गरला, बहादुर (30) निवासी मुस्तफापुर, आंचल (20) निवासी पचपेड़िया, उर्मिला देवी (60) निवासी इस्मालिया, राम प्रसाद (62) निवासी गरला, नूर मोहम्मद (40) निवासी बुड़वल, आर्यन (15), अरुण (27) निवासी पचपेड़िया, दिवाकर मौर्य (74) निवासी मिषमपुर, शिवलाल (30) निवासी वार्ड नंबर-1 तथा ज्योति (8) निवासी केराडीह सहित कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज चकिया जिला संयुक्त चिकित्सालय में चल रहा है।
इसी दौरान करवंदिया गांव में तेज तूफान के बीच रास्ते से गुजर रही प्रभावती देवी (62) पत्नी नंदू के ऊपर अचानक पेड़ गिर गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
वहीं, शिकारगंज कस्बे में गुलाब (58) अपनी पत्नी निराशा देवी (52) के साथ घर में बैठे थे, तभी तेज आंधी के चलते कच्ची दीवार भरभराकर गिर पड़ी। मलबे में दबने से गुलाब की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौरा ले गए, जहां डॉक्टरों ने गुलाब को मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की जा रही है और पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य जारी है।